राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में कांग्रेस आज प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराएगी। सभी 55 जिलों में महिला कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी और मंत्री विजयवर्गीय एवं विजय शाह के बयान पर आपत्ति लेगी। मंत्री विजयवर्गीय के बयान का समर्थन करते हुए मंत्री शाह ने कल एक बयान में खंडवा में बगल में बैठी विधायक कंचन तनवे की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये मेरी सगी बहन भी हैं तो क्या मैं सार्वजनिक रूप से चुंबन लूंगा। यह हिंदुस्तानी संस्कृति और सभ्यता नहीं सिखाती है। कांग्रेस ने मंत्री विजयवर्गीय के बयान के खिलाफ शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में प्रदर्शन किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में मंत्री के बंगले का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने उनकी झूमाझटकी भी हुई। कार्यकर्ताओं ने विजयवर्गीय के पोस्टर पर बनी जीभ पर गंगाजल छिड़क कर ‘शुद्धिकरण’ किया। कांग्रेस का कहना है कि मंत्री का बयान महिलाओं और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का अपमान है। वहीं शाजापुर में भी कांग्रेस ने मंत्री के पुतले फूंके। मैंने विदेशी और भारतीय संस्कृति की बात कही अपने बयान पर शुक्रवार को भोपाल में मंत्री विजयवर्गीय ने कहा-मेरा भाषण टुकड़ों-टुकड़ों में लेकर कोई भी बात उठा लेंगे तो यह अच्छी पत्रकारिता नहीं है। विजयवर्गीय ने पूछा- आप भी पत्रकार हैं। आप अपनी बहन को बीच चौराहे पर आलिंगन करते हैं क्या? हमारे संबंध प्रेम के संबंध हैं। मैं भी अपनी बहन का सिर चूमता हूं। मैं रिश्ते की पवित्रता पर प्रश्न चिन्ह नहीं उठा रहा हूं। मेरा पूरा भाषण सुनते तो यह प्रश्न ही नहीं उठता। मैंने भारतीय संस्कृति और विदेशी संस्कृति की बात की है। पटवारी बोले- सीएम नहीं बन पाए तो विजयवर्गीय पागल हो गए कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने उनके इस्तीफे की मांग की है। पटवारी ने कहा- कैलाश विजयवर्गीय ने जो टिप्पणी की वो राहुल गांधी पर नहीं बल्कि भारत की प्राचीन संस्कृति और सभ्यता पर टिप्पणी की है। यह बोले थे मंत्री विजयवर्गीय शाजापुर में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने कहा- ‘हम पुरानी संस्कृति के लोग हैं। हमारी बहनों के गांव जीरापुर में पानी तक नहीं पीते हैं। मेरे पिताजी घर से पानी का लोटा लेकर आते थे। आज के हमारे प्रतिपक्ष के नेता ऐसे हैं कि अपनी जवान बहन को बीच चौराहे पर चुंबन करते हैं। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप में से कौन हैं, जो अपनी जवान बहन-बेटी को बीच चौराहे पर चुंबन करता है। ये संस्कारों का अभाव है। ये संस्कार तो विदेशी संस्कृति के हैं। इसमें उनकी गलती नहीं है। वह विदेश में पले-बढ़े हैं। ऐसे संस्कार का अनुभव है। वह प्रधानमंत्री को भी तू तड़ाक करके बात करते हैं।’
विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस प्रदेशभर में करेगी विरोध:सभी 55 जिलों में महिला कांग्रेस करेगी प्रेस कांफ्रेंस, विजयवर्गीय और शाह का विरोध जताएगी
