जयपुर में बेकाबू डंपर ने महज 400 मीटर में 17 गाड़ियों को रौंद डाला। 26 लोगों को कुचल डाला। इसमें से 14 की मौत हो गई। 12 घायल हैं। इनमें से 7 की स्थिति गंभीर है। इन्हें सवाई मान सिंह (SMS) हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। देखते ही देखते सड़क पर लाशें बिछ गईं। शवों के टुकड़े इधर-उधर बिखर गए। किसी का पैर कट गया तो किसी का हाथ। 2 शवों की पहचान नहीं हो पाई है। पिछले एक महीने के दौरान राजस्थान में हुए 5 बड़े हादसों में 67 लोगों की जान जा चुकी है। उधर, सोमवार देर रात डीसीपी ट्रैफिक सुमित मेहरड़ा ने सीआई (ट्रैफिक पुलिस) राजकिरण, एएसआई राजपाल सिंह और कॉन्स्टेबल महेश कुमार को सस्पेंड कर दिया। ड्राइवर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसा सोमवार दोपहर करीब एक बजे हरमाड़ा के लोहा मंडी पर हुआ। डंपर (आरजे-14 जीपी 8724) लोहा मंडी पेट्रोल पंप की तरफ से रोड नंबर -14 से हाईवे की ओर जा रहा था। इस दौरान उसने गाड़ियों को टक्कर मार दी। लोगों ने डंपर ड्राइवर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। वह नशे में था। ड्राइवर कल्याण मीणा विराटनगर (जयपुर) का रहने वाला है। वह भी हॉस्पिटल में भर्ती है। कार सवार से कहासुनी हुई थी
पुलिस का कहना है कि हादसे से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले एक पेट्रोल पंप के बाहर डंपर ड्राइवर की एक कार सवार से कहासुनी हुई थी। 14 लोगों की जान लेने वाले डंपर के पीछे लिखा था- दम है तो पास कर, वरना बर्दाश्त कर।
देखते ही देखते जयपुर की सड़क पर बिछ गईं लाशें:बेकाबू डंपर ने 400 मीटर में 26 लोगों को कुचला, 14 की मौत; 7 गंभीर
