दिल्ली ब्लास्ट से पहले 5 जगह दिखा था आतंकी उमर;VIDEO:मस्जिद गया, कनॉट पैलेस घूमा; लाल किले के पास किया था इंतजार

दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट का मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी था। ब्लास्ट के वक्त वह कार में मौजूद था। जांच टीमों को कार से उमर के दांत, हड्डियां, खून लगे कपड़े के टुकड़े और पैर का हिस्सा मिला था, जो स्टेयरिंग व्हील और एक्सीलेटर के बीच फंसा था। उमर का DNA उसकी मां के DNA से मैच हो गया है। कार में धमाका करने से पहले उमर कार सहित पांच बार दिखा था। हालांकि उस वक्त किसी जांच एजेंसी को उस पर शक नहीं हुआ। वह बेखौफ दिल्ली की सड़कों पर घूमता रहा। कभी मस्जिद गया तो कभी कनॉट पैलेस घूमा। ब्लास्ट से पहले लाल किले के पास वह कार में बैठकर इंतजार भी करता रहा। 1. पहली बार फरीदाबाद में दिखी थी कार तारीख: 29 अक्टूबर
समय: शाम 4:20 बजे
29 अक्टूबर को ब्लास्ट वाली i20 कार शाम 4 बजकर 20 मिनट पर फरीदाबाद में दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन पर दिखी थी। तीन युवक सड़क किनारे बने पेट्रोल पंप के पास पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाने पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक, कार में लंबी दाढ़ी वाला तारिक भी मौजूद था, जिसके नाम पर डॉ. उमर ने यह कार खरीदी थी। 2. दिल्ली में घुसते हुए टोल प्लाजा पर कार तारीख: 10 नवंबर
समय: सुबह 8:03 बजे
10 नवंबर को ब्लास्ट वाले दिन सुबह 8 बजकर 3 मिनट पर i-20 कार बदरपुर बॉर्डर पर स्थित टोल से फरीदाबाद से दिल्ली की ओर जाती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि इस कार में डॉ. मोहम्मद उमर नबी सवार था। 3. तुर्कमान गेट के सामने मस्जिद में गया तारीख: 10 नवंबर
समय: दोपहर 12:00 बजे
धमाका करने से ठीक पहले उमर पुरानी दिल्ली की फैज-ए-इलाही मस्जिद गया था। यहां वह करीब 10 मिनट रुका था। सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा साफ दिख रहा है। फैज-ए-इलाही मस्जिद रामलीला मैदान के कोने पर तुर्कमान गेट के सामने स्थित है। सीसीटीवी फुटेज में वह मस्जिद के अंदर और बाहर जाता नजर आया। 4. कनॉट प्लेस के पास घूमता दिखा उमर
तारीख: 10 नवंबर
समय: दोपहर 2:05 बजे
आतंकी उमर कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल में 10 नवंबर को 2 बजकर 5 मिनट पर कार के साथ नजर आया था। उमर मोहम्मद ही इस i-20 कार को दौड़ा रहा था। गौरतलब है कि कनॉट प्लेस संसद भवन से महज 3 किलोमीटर ही दूर है। दिल्ली में ब्लास्ट करने से पहले उमर कई इलाकों में इस कार से गया था। 5. लाल किले गेट के पास पार्किंग में नजर आया तारीख: 10 नवंबर
समय: शाम 6:22 बजे
धमाके से कुछ मिनट पहले की कार का फुटेज है। यह लाल किला पार्किंग में लगे सीसीटीवी का वीडियो है। 1.30 मिनट के इस वीडियो में एचआर 26सीई 7674 नंबर वाली सफेद कार को पार्किंग टोल बूथ तक पहुंचने के लिए कतार में खड़ा दिखाया गया है। कार आगे बढ़कर बूथ पर पहुंचती है और ड्राइवर अपना हाथ बाहर निकालकर पार्किंग स्टाफ से एक पर्ची लेता दिखाई देता है। टाइम स्टैम्प के अनुसार यह क्लिप 10 नवंबर शाम 6 बजकर 22 मिनट की है। 6. सिग्नल पर गाड़ी लेकर आया उमर, ब्लास्ट किया तारीख: 10 नवंबर
समय: शाम 6:51 बजे
दिल्ली लाल किला ब्लास्ट का सबसे क्लोज CCTV फुटेज है। 10 सेकेंड के वीडियो में नजर आ रहा है कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के सिग्नल पर 20 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी थीं। शाम करीब 6.51 बजे सिग्नल ग्रीन हुआ, जैसे ही गाड़ियां आगे बढ़ीं, i20 कार में ब्लास्ट हो गया। जोरदार धमाके से आग की लपटें उठीं। आसपास की ज्यादातर गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। 13 लोगों की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com