लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका से इंडिया लाया जा रहा:बाबा सिद्दीकी और मूसेवाला मर्डर में वांटेड; सलमान के घर फायरिंग का भी आरोप

गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। अमेरिका से 200 लोगों को डिपोर्ट किया गया, इनमें भारत के 3 लोग हैं। अनमोल के अलावा दो लोग पंजाब के हैं। ये मंगलवार सुबह दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनमोल का डिपोर्टेशन अमेरिका में अवैध तरीके से घुसने से जुड़ा है। वहां उसकी गिरफ्तारी भी इसी मामले मे हुई थी। उसका भारत में किए क्राइम से इस डिपोर्टेशन का संबंध नहीं है। हालांकि अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने NCP लीडर रहे बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को ईमेल भेजकर अनमोल के डिपोर्टेशन की जानकारी दी है। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर​​​​​ 2024 की रात करीब 9.30 बजे मुंबई के बांद्रा के खेर वाड़ी सिग्नल पर हत्या कर दी गई थी। मर्डर की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। जीशान सिद्दीकी ने खुद ईमेल मिलने की पुष्टि की है। ईमेल में लिखा है- यह ईमेल आपको (जीशान सिद्दीकी) सूचित करने के लिए है कि अनमोल बिश्नोई को फेडरल गर्वमेंट ने अमेरिका से निकाल दिया है। अपराधी को 18 नवंबर 2025 को डिपोर्ट किया जाएगा। अनमोल पर NCP नेता बाबा सिद्दीकी के अलावा पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर का भी आरोप है। अनमोल का नाम एक्टर सलमान खान के घर पर फायरिंग केस में भी सामने आया था। अनमोल भारत की जांच एजेंसी NIA की वांटेड लिस्ट में है। उस पर ₹10 लाख का इनाम भी है। जीशान ने कहा- अनमोल समाज के खतरा जीशान सिद्दीकी ने कहा- अनमोल समाज के लिए खतरा है। मेरे पिता की हत्या में उसका नाम आया था। सलमान खान मामले में भी उसका नाम बार-बार सामने आ रहा है। हमारे लिए यह जानना जरूरी है कि अनमोल को यह काम किसने दिया। इसके लिए उसे मुंबई लाना आवश्यक है। हम अब भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। एक साल से ज्यादा हो गया, लेकिन कहीं न कहीं लगता है कि अभी न्याय पूरा नहीं हुआ। हम कोर्ट में लड़ रहे हैं और जो लोग वारदात में शामिल थे वे जेल में हैं, लेकिन असल सवाल यह है कि हत्या का आदेश किसने दिया? जीशान ने कहा कि मेरे पिता का अनमोल-लॉरेंस से कोई संबंध नहीं था, इसलिए कोई यह काम सिर्फ अपने लिए नहीं करेगा। अनमोल या उसके गुर्गों से यह किसने करवाया यह जानना बहुत जरूरी है। अनमोल को मुंबई लाकर पूछताछ होनी चाहिए। बॉम्बे HC ने महाराष्ट्र सरकार से जवाब मांगा वहीं, पिछले सप्ताह बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से बाबा सिद्दीकी पत्नी शहजीन की दाखिल उस याचिका पर जवाब मांगा था, जिसमें बाबा सिद्दीकी मर्डर केस की जांच स्वतंत्र एजेंसी या कोर्ट-निगरानी वाली विशेष जांच टीम (SIT) से कराने की मांग की गई। अक्टूबर 2024: बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या 12 अक्टूबर​​​​​ 2024 को रात साढ़े 9 बजे मुंबई के बांद्रा के खेर वाड़ी सिग्नल पर महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। मर्डर की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस मामले में उत्तर प्रदेश के बहराइच के रहने वाले हरीश कुमार, कैथल (हरियाणा) के गुरमैल बलजीत सिंह, बहराइच (उत्तर प्रदेश) के धर्मराज कश्यप और पुणे (महाराष्ट्र) के रहने वाले प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में जालंधर के रहने वाले जीशान अख्तर का नाम सामने आया था। जब शूटर्स ने सिद्दीकी को गोलियां मारी तो वह मौके पर मौजूद था। जीशान का प्लान था कि अगर बाबा सिद्दीकी शूटर्स की गोलियों से बच गया तो वह उसे गोलियां मारेगा। उस दौरान वह लॉरेंस के भाई अनमोल से फोन पर टच में था। सिद्दीकी के मरने के बाद उसने अनमोल को मौके के फोटो और वीडियो भेजे और कन्फर्म किया कि सिद्दीकी मर गया है। इसके बाद वह फरार हो गया था। NIA ने रखा ₹10 लाख का इनाम हाल ही में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल पर 10 लाख रुपए का इनाम रखा था। एजेंसी ने अनमोल के खिलाफ 2022 में दर्ज 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल की हैं। अनमोल का नाम एनआईए की मोस्ट वांटेड लिस्ट में भी शामिल है। मार्च 2023: लॉरेंस की एक्टर सलमान को धमकी, फिर फायरिंग मार्च 2023 में लॉरेंस से धमकी मिलने के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। NIA ने कहा था कि खान उन 10 लोगों की लिस्ट में टॉप पर हैं, जिन्हें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने मारने की धमकी दी थी। 1998 में हुई काले हिरण के शिकार की घटना से बिश्नोई समुदाय नाराज है, जिसका हवाला देते हुए लॉरेंस ने एक TV इंटरव्यू में सलमान को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद 14 अप्रैल 2024 को बाइक सवार दो लोगों ने सलमान के घर पर फायरिंग की थी। 29 मई 2022 को हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मर्डर के बाद ही अनमोल उर्फ ​​भानु पहली बार चर्चा में आया था। पंजाब पुलिस की जांच में पता चला था कि लॉरेंस ने तिहाड़ जेल से ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद उसके भाई अनमोल और भतीजे सचिन ने कनाडाई गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम दिया। उन्होंने मूसेवाला की रेकी की। फिर उसके लिए शूटर और हथियारों का इंतजाम किया। थापन और सचिन नेपाल गए। वहां से भागे सचिन थापन को अजरबैजान में पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन अनमोल दुबई से केन्या और फिर अमेरिका पहुंच गया था। करीब 2 साल पहले अनमोल अमेरिका में पंजाबी सिंगर करण औजला और शैरी मान के शो में नजर आया था। कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड में आयोजित कार्यक्रम में अनमोल स्टेज पर सेल्फी लेता नजर आया था। ……………………….. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… गैंगस्टर लॉरेंस की पाकिस्तान को धमकी-पहलगाम हमले का बदला लूंगा: 1 लाख के बराबर एक मारेंगे; आतंकी की फोटो पर क्रॉस लगाया ख्यात गैंगस्टर लॉरेंस ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने की धमकी दी थी। लॉरेंस ग्रुप ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें पाकिस्तानी आतंकी हाफिज सईद की फोटो पर क्रॉस लगाया था। इसमें लॉरेंस गैंग ने लिखा था- तुमने हमारे निर्दोष लोगों को मारा है, अब हम पाकिस्तान में घुसकर एक ऐसा आदमी मारेंगे जो एक लाख के बराबर होगा। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com