मैच से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव ने किए महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल


भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में खेले जाने वाले निर्णायक वनडे मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और कुलदीप यादव उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने तिलक धारण कर भगवान महाकाल के दर्शन किए और प्रातःकालीन भस्म आरती में भाग लिया।

शनिवार तड़के करीब चार बजे विराट कोहली और कुलदीप यादव महाकाल मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती का दर्शन किया। इस दौरान दोनों खिलाड़ी मंत्र जाप और ध्यान में लीन नजर आए। नंदी हॉल में बैठकर विराट कोहली ने विशेष रूप से ध्यान साधना की, जिसकी तस्वीरें सामने आईं।

भस्म आरती के उपरांत दोनों खिलाड़ियों ने भगवान महाकाल को जल अर्पित किया, नंदी जी का पूजन-अर्चन किया और गर्भगृह की देहरी से दर्शन किए। इस अवसर पर महाकाल मंदिर समिति की ओर से विराट कोहली और कुलदीप यादव का सम्मान भी किया गया।

दर्शन के बाद कुलदीप यादव ने कहा कि महाकाल मंदिर आकर उन्हें अत्यंत शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि वे भगवान महाकाल से यही प्रार्थना करते हैं कि क्रिकेट के साथ-साथ जीवन में भी निरंतर सफलता और सद्बुद्धि बनी रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी विराट कोहली और कुलदीप यादव महाकाल मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।

इधर, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी शुक्रवार को आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने वहां हवन-अनुष्ठान में भाग लिया और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद मंदिर के मुख्य पुजारी दिनेश गुरु ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाई। वहीं, भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल भी शुक्रवार को उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके हैं।

गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा जमाएगी, ऐसे में मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com