




मध्यप्रदेश शासन ने शनिवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों की बड़ी तबादला सूची जारी की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 26 IAS अधिकारियों को नवीन पदस्थापना दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ IAS अधिकारी श्री शिवशेखर शुक्ला को अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग के साथ-साथ संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं उन्हें राज्य पर्यटन मंडल के अध्यक्ष का दायित्व भी दिया गया है।
श्री उमाकांत उमराव को प्रमुख सचिव, पशुपालन एवं डेयरी विभाग बनाया गया है। श्री शशिमित जैन को प्रमुख सचिव, आयुष विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
IAS अधिकारी श्री जॉन किम्सली ए.आर. को सचिव, औद्योगिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा नर्मदा घाटी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। श्री श्रीमन शुक्ल को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह को सचिव, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग बनाया गया है। ऊर्जा विभाग में भी बदलाव करते हुए श्री विशेष गढ़पाल को ऊर्जा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
राज्य शासन ने कई अधिकारियों को आयुक्त स्तर की जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। श्री धनंजय एस को आयुक्त, स्वास्थ्य सेवाएं, मध्यप्रदेश तथा श्री अनूप द्विवेदी को आयुक्त, वाणिज्यिक कर, इंदौर पदस्थ किया गया है।
आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पर्यटन, राजस्व, खनिज साधन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण जैसे विभागों में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं।
यह आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से जारी किए गए हैं, जिन पर मुख्य सचिव अनुराग जैन के हस्ताक्षर हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल आगामी प्रशासनिक प्राथमिकताओं और विभागीय कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
