अवैध पटाखा फैक्ट्री में भरा था 2 टन बारूद:पुलिस बोली- कांग्रेस नेता चला रहा था; विस्फोटक शिफ्ट करने की तैयारी थी

खंडवा पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से करीब दो टन बारूद और रस्सियां मिली हैं। एसपी मनोज कुमार राय ने कहा- अवैध फैक्ट्री सम्यक गोल्ड कॉलोनी के क्लब हाउस की छत पर चलाई जा रही थी। पुलिस जिस वक्त वहां पहुंची, विस्फोटक शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी। मौके पर एक पिकअप वाहन खड़ा था। उसके ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में ड्राइवर ने बताया है कि फैक्ट्री यूथ कांग्रेस में पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रोफेसर इमरान परयानी की है। सुनसान कॉलोनी में चला रहे थे फैक्ट्री
एसपी ने कहा- यह कॉलोनी करीब 15 साल पहले पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट की जमीन पर काटी गई थी। उस समय इसे हाईटेक स्तर पर डेवलप किया गया था, लेकिन फिलहाल यह खंडहर हालत में है। कॉलोनी में बिजली लाइन तक नहीं है। सूनेपन का फायदा उठाकर यहां अवैध रूप से विस्फोटक जमा कर पटाखे बनाए जा रहे थे। देखिए, 3 तस्वीरें… पूर्व मंत्री के बेटे के नाम पर जमीन
एसपी राय ने बताया कि कॉलोनी की जमीन पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट के बेटे यशवंत सिलावट के नाम से दर्ज है। मौके से एक स्कूटी भी मिली है, जो इमरान परयानी की है। फिलहाल, कोतवाली थाने में विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दबिश डालने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का ईनाम देने की घोषणा की गई है। 15 दिन पहले ही कच्चा माल लाया गया था
कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य ने कहा- फैक्ट्री में मिले बैग और कपड़ों से लग रहा है कि यहां 5-6 मजदूर काम कर रहे होंगे। ड्राइवर से पूछताछ में पता चला कि यहां 15 दिन पहले ही कच्चा माल लाया गया था। पूर्व मंत्री की बहू बोलीं- 2010 में बेच दी थी जमीन
मामले में पूर्व मंत्री की बहू आशी सिलावट ने एसपी को आवेदन देकर कहा कि, अवैध पटाखा फैक्ट्री मामले में उक्त जमीन और निर्माण को मीडिया और पुलिस के द्वारा उनके पति यशवंत सिलावट का बताया जा रहा है। जबकि 2010 में ही हमने कृषि जमीन को इंदौर की सम्यक रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को बेच दी थी। उसी कंपनी ने जमीन खरीदने के बाद डायवर्सन कराया और सम्यक गोल्ड नाम की कॉलोनी डेवलप की। इसके बावजूद हमारे परिवार का नाम लिया जा रहा है, ऐसे में इस केस से हमें दूर रखा जाए। ये खबर भी पढ़ें… सांसद चंद्रशेखर के करीबी की ड्रग फैक्ट्री पर छापा रतलाम जिले के चिकलाना गांव में पुलिस ने एमडी ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब ढाई बजे कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से 10 किलो 930 ग्राम एमडी एमडी ड्रग, करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य का केमिकल, 12 बोर की 2 बंदूक, 91 कारतूस, दो मोर और चंदन की लकड़ियां बरामद की हैं। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com