उत्तराखंड के राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के हेलिकॉप्टर की श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उन्हें करीब चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे हेलिकॉप्टर उतरने के बाद राज्यपाल को श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे शाम तक रुके रहे। हालांकि देर शाम तक हेलिकॉप्टर सेवा के आसार नहीं बने। इसके बाद राज्यपाल ने सड़क मार्ग से ही गैरसैंण जाने का फैसला लिया और शाम 5 बजकर 5 मिनट पर गैरसैंण के लिए रवाना हो गए। राज्यपाल गैरसैंण में विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए जा रहे थे। सोमवार से गैरसैंण में विधानसभा का सत्र शुरू होना है, जिसमें बजट भी पेश किया जाना है। उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी, श्रीनगर में उतरा हेलिकॉप्टर राज्यपाल गुरमीत सिंह रविवार दोपहर देहरादून से हेलिकॉप्टर से गैरसैंण के लिए रवाना हुए थे। उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी का संकेत मिला। इसके बाद एहतियात के तौर पर हेलिकॉप्टर को श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर उतार लिया गया। हेलिकॉप्टर के उतरते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के तहत पुलिस गेस्ट हाउस ले जाए गए हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को तुरंत श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया। यहां हेलिकॉप्टर की तकनीकी जांच और आगे की उड़ान की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने विचार किया। इस दौरान राज्यपाल करीब चार घंटे तक गेस्ट हाउस में ही रुके रहे। सीएम का हेलिकॉप्टर विकल्प था, लेकिन जगह नहीं मिली सूत्रों के अनुसार विकल्प के तौर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलिकॉप्टर उपलब्ध था, लेकिन उसमें जगह नहीं थी। इसके बाद तय किया गया कि पहले मुख्यमंत्री को गैरसैंण पहुंचाया जाएगा और फिर वही हेलिकॉप्टर वापस आकर राज्यपाल को ले जाएगा। हालांकि वापसी के दौरान मौसम अनुकूल नहीं पाया गया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि राज्यपाल सड़क मार्ग से ही गैरसैंण के लिए रवाना होंगे। टिहरी झील महोत्सव में शामिल होकर गैरसैंण जा रहे थे राज्यपाल गुरमीत सिंह इससे पहले टिहरी झील में आयोजित चार दिवसीय हिमालयन (O2) टिहरी झील महोत्सव में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया, एयर शो देखा और महोत्सव में लगे स्टालों का निरीक्षण किया। इसके अलावा राज्यपाल ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन की बेड़ियों के भी दर्शन किए। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे हेलिकॉप्टर से गैरसैंण के लिए रवाना हुए थे। ————
ये खबर भी पढ़ें… चारधाम यात्रा में हवाई सफर होगा पहले से ज्यादा सेफ:तय रूटों पर चलेंगे हेलिकॉप्टर, हर दस सेकेंड में ट्रैकिंग, 30% तक कम होंगे टिकट देवभूमि उत्तराखंड में इस साल चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ और बद्रीनाथ की उड़ान भरने वाले तीर्थयात्रियों के लिए हेलिकॉप्टर का सफर पहले से ज्यादा सेफ रहने वाला है। 2025 की यात्रा में 5 हेलिकॉप्टर हादसों में 13 लोगों की हुई मौत के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सुरक्षा का एक नया ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया है। (पढ़ें पूरी खबर)
राज्यपाल के हेलिकॉप्टर की श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग:4 घंटे गेस्ट हाउस में इंतजार करते रहे; हेलिकॉप्टर न मिलने पर सड़क से गैरसैंण रवाना
