IND vs NZ Final: हिस्ट्री रिपीट-हिस्ट्री डिफीट…न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर चैंपियन बनी टीम इंडिया, 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड से बदल डाला इतिहास

IND vs NZ Final:’हिस्ट्री रिपीट करेंगे और हिस्ट्री डिफीट करेंगे’….टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले भारतीय शेरों ने जो हुंकार भरी थी, उसे नरेंद्र मोदी स्टेडियम की गूंज के बीच हकीकत में बदल दिया है. फाइनल के हाई-वोल्टेज मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से धूल चटाकर सूर्यकुमार यादव की टीम ने वो कर दिखाया जो आज तक क्रिकेट जगत में कोई नहीं कर सका.

पहला रिकॉर्ड- खिताब की हैट्रिक लगाई

भारत ऐसी पहली टीम बन चुकी है, जिसने टी20 विश्व कप में 3 बार खिताब जीता है. सबसे पहले 2007 में पहले ही एडिशन में एमएस धोनी की कप्तानी में खिताब जीता था. फिर 17 साल बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में ट्रॉफी उठाई और अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत चैंपियन बना है.

दूसरा रिकॉर्ड- खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम

भारत पहली ऐसी टीम बन चुकी है, जिसने लगातार दूसरी बार फाइनल में एंट्री की और खिताब डिफेंड कर लिया. ऐसा पहले कोई भी टीम नहीं कर सकी थी.

तीसरा रिकॉर्ड- घर में जीता वर्ल्ड कप

2007 से लेकर 2024 तक कोई भी टीम अपने घर में खिताब नहीं जीत पाई थी, लेकिन अब टीम इंडिया ने पूरे 19 साल बाद यह कर दिखाया है. टीम इंडिया ने मेजबान होते हुए खिताब जीता और इतिहास रच दिया. इस बार श्रीलंका और भारत की मेजबानी में 20 टीमों के बीच यह विश्व कप खेला गया.

फाइनल का लेखा-जोखा

टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए बोर्ड पर 255 रन लगा दिए थे. अभिषेक शर्मा ने 21 बॉल पर 52, संजू सैमसन ने 46 बॉल पर 89, ईशान किशन ने 25 बॉल पर 54 रन बनाए थे. आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने 24 रन ठोके थे. यह टी20 विश्व कप के फाइनल का सबसे बड़ा टोटल था, जो टीम इंडिया ने बनाया.

टारगेट का पीछा करते हुए कीवी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 19 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई. उसने 96 रनों से फाइनल गंवा दिया. टीम इंडिया की जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने सबसे ज्यादा 89 रन ठोके. भारत के लिए गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवरों में 15 रन देकर 4 विकेट निकाले, अक्षर पटेल ने 4 ओवरों में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए.. अर्शदीप सिंह को छोड़कर बाकी सभी बॉलर को 1-1 विकेट मिला.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com