
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिला अदालत के बाहर आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोर्ट नंबर-2 के पास तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद वकीलों और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर धमाका कहां हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने मौके से बम के अवशेष बरामद किए है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमाका पाइप बम से किया गया हो सकता है।
घटना को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने विरोध जताते हुए इसे अदालत की सुरक्षा में बड़ी चूक बताया है। वकीलों ने कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है।
