रूस का यूक्रेन के रेलवे स्टेशन पर हमला, 13 मौतें:ड्रोन से इलेक्ट्रिक ट्रेन को निशाना बनाया, जेलेंस्की बोले- रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगे

यूक्रेन के मध्य में स्थित निप्रो शहर में गुरुवार सुबह रूसी ड्रोन ने रेलवे स्टेशन पर हमला किया। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। शहर के मेयर बोरिस फिलातोव ने हमले के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ड्रोन ने यात्रियों को ले जाने वाली इलेक्ट्रिक ट्रेन को निशाना बनाया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले को भयावह बताया। उन्होंने रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की, ताकि ऐसे हमलों को रोका जा सके। हमले के समय प्लेटफॉर्म पर कई यात्री मौजूद थे यूक्रेन रेलवे के मुताबिक, जिस समय ड्रोन ने हमला किया, उस वक्त स्टेशन पर एक ट्रेन खड़ी थी और प्लेटफॉर्म पर यात्री मौजूद थे। घटना के बाद मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को इलाज मुहैया कराया। इस साल यूक्रेन के रेलवे नेटवर्क पर 1600 से ज्यादा हमले रूस के हमले अब यूक्रेन के रेलवे नेटवर्क के लिए बड़ी चुनौती बन रहे हैं। जर्मन मीडिया डीडब्ल्यू की 19 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल के पहले आठ महीनों में यूक्रेन के रेलवे नेटवर्क पर 1,600 से ज्यादा हमले हुए। इनमें ट्रेन, इंजन और रेलवे से जुड़े दूसरे ठिकानों को निशाना बनाया गया। ट्रेनें ही क्यों बन रही हैं निशाना? यूक्रेन में रेलवे आम लोगों की यात्रा के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था और जरूरी सामान की आवाजाही के लिए भी अहम है। डीडब्ल्यू की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के हमलों में रेलवे इंजन, मालगाड़ियां, मरम्मत उपकरण और पुल भी निशाने पर रहे हैं। रूस ने 500 से ज्यादा रेल इंजन तबाह किए रूस के हमलों में यूक्रेन का रेलवे नेटवर्क लगातार प्रभावित हो रहा है। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा के मुताबिक, 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से रूस 500 से ज्यादा रेल इंजनों को नुकसान पहुंचा चुका है या नष्ट कर चुका है। इनमें से आधे से ज्यादा घटनाएं 2026 में हुईं। यूक्रेन के पूर्व उप परिवहन मंत्री वासिल शेवचेंको के मुताबिक, रेल इंजनों को तकनीकी कारणों से निशाना बनाना आसान हो सकता है। डीजल इंजन में बड़ी मात्रा में ईंधन होता है। विस्फोट होने पर आग तेजी से फैल सकती है और इंजन पूरी तरह नष्ट हो सकता है। इलेक्ट्रिक इंजन पर हमला होने से भीषण आग लग सकती है, जिससे रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा लंबे समय तक बंद हो सकता है। यानी एक इंजन पर हमला सिर्फ एक ट्रेन को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उस पूरे रेल मार्ग पर यातायात रोक सकता है। रेलवे को सुरक्षित रखने के लिए यूक्रेन की तैयारी रूसी ड्रोन हमलों के खतरे को देखते हुए यूक्रेन की सरकारी रेलवे कंपनी ने ट्रेनों और ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी केंद्र बनाए हैं। खतरे का संकेत मिलने पर ट्रेनों को रोककर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की कोशिश की जाती है। लेकिन जेट इंजन वाले तेज ड्रोन के इस्तेमाल से सुरक्षा एजेंसियों को प्रतिक्रिया देने के लिए कम समय मिलता है। इसी वजह से यूक्रेन में खतरे की आशंका होने पर ट्रेनों को पहले ही रोकने और ज्यादा जोखिम वाले इलाकों में बसों से यात्रियों को ले जाने की व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। ——————————– ये खबर भी पढ़ें… रूसी डीजल की पहली खेप अमेरिका रवाना:जहाज पर करीब 3 लाख बैरल डीजल लदा; देश में डीजल की कीमतें कम करना चाहते हैं ट्रम्प
अमेरिका में डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच रूस से करीब 3 लाख बैरल डीजल लेकर एक टैंकर अमेरिका के लिए रवाना हुआ है। जहाज 10 नवंबर को न्यूयॉर्क पहुंच सकता है। पूरी खबर पढ़ें…