ग्वालियर में काम के हिसाब पर सियासत, भड़के पूर्व मंत्री:बोले- मेरे खिलाफ कभी मुर्दाबाद के नारे नहीं लगे; विधायक का जवाब- मुर्दाें के नारे नहीं लगते

ग्वालियर में बारिश के बाद अब बेमौसम सियासत शुरू हो गई है। 3 दिन पहले बारिश से फसलों के नुकसान को देखने भितरवार विधानसभा के पूर्व विधायक व कांग्रेस शासन में मंत्री रहे लाखन सिंह यादव गढ़ाजर गांव में पहुंचे थे। यहां गांव के लोगों ने उनसे उनके 15 साल के काम का रिकॉर्ड पूछ लिया तो पूर्व मंत्री बौखला गए। उन्होंने कहा कि 15 साल में मेरे नाम से कभी मुर्दाबाद के नारे नहीं लगे। वर्तमान विधायक (मोहन सिंह राठौर भाजपा) का नाम लिए बिना कहा उसके पूर्वज भी मेरी बराबरी नहीं कर सकते। पूर्व मंत्री का यह वीडियो वायरल हो गया है। इस पर विधायक ने प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि मुर्दों के कभी मुर्दाबाद के नारे नहीं लगते। हकीकत में मेरे पूर्वज उसकी बराबरी नहीं कर सकते। अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश में फिलहाल कोई चुनाव नहीं है, लेकिन सियासी घमासान मचने लगा है। बेमौसम बारिश से फसलों का नुकसान हुआ है। मध्य प्रदेश में खाद्य संकट के बीच नेता अपने-अपने क्षेत्र में लगे गांव में नुकसान को देखने और मदद का आश्वासन देने पहुंचने लगे हैं। इसी दौरान ग्वालियर की भितरवार विधानसभा के गढ़ाजर गांव में कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला था। भितरवार से विधायक रहे कांग्रेस नेता लाखन सिंह यादव गढ़ाजर गांव में फसलों के नुकसान का जायजा लेने पहुंचे थे। लाखन 15 साल तक यहां से विधायक रहे थे। जैसे ही वह गांव में पहुंचे और किसानों से बातचीत करने लगे तो इसी बीच एक किसान ने सबसे सामने पूर्व मंत्री लाखन सिंह से उनके 15 साल के काम का हिसाब पूछ लिया। यह सुनते ही पूर्व मंत्री भड़क गए। जिसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। तुम जैसे एलिमेंट लोग ही जनता का सत्यानाश कर रहे हैं। मेरे 15 साल के कार्यकाल में मेरे खिलाफ जनता ने कभी मुर्दाबाद के नारे नहीं लगाए। एक वर्तमान विधायक हैं, 2 साल में ही कितनी बार मुर्दाबाद के नारे लग गए हैं।’ किसान भी पीछे नहीं रहा, कह दिया… विधायक मोहन सिंह राठौर के खिलाफ नारेबाजी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ही की थी। इस पर बिफरे लाखन सिंह यादव ने नाम लिए बगैर कहते नजर आए कि मेरा मुकाबला तो उसके पूर्वज भी नहीं कर सकते हैं। इस पूरे वाकये का वीडियो किसी ग्रामीण ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया जो अब वायरल हो रहा है। विधायक बोले-मुर्दा के मुर्दाबाद नारे नहीं लगते
पूर्व मंत्री लाखन सिंह का वीडियो सामने आने के बाद भितरवार विधानसभा में राजनीतिक पारा चढ़ गया। भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौड़ ने एक वीडियो जारी कर पूर्व विधायक लाखन सिंह यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वह (लाखन सिंह) और उनके पूर्वज भी मेरी बराबरी नहीं कर पाएंगे, क्योंकि मैं एक ईमानदार विधायक हूं और वे पूरी तरह से भ्रष्टाचारी हैं। इसलिए ऐसे व्यक्ति का मेरे पूर्वज बराबरी नहीं कर सकते। विधायक राठौड़ ने आरोप लगाया कि लाखन सिंह और उनके पूरे परिवार ने 15 सालों तक भ्रष्टाचार किया और जनता के कामों का पैसा अपने घर में लगाया। विधायक मोहन सिंह ने यह भी कहा कि लाखन सिंह अपने घमंड की वजह से चुनाव हारे हैं और जनता ने उन्हें इसका जवाब दिया है। विधायक राठौड़ ने मुर्दाबाद के नारे पर कहा कि जो मुर्दा होते हैं। उनके मुर्दाबाद के नारे कभी न ही लगते। यह 15 साल से क्षेत्र में मुर्दा हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में किसान पूरी तरह से संतुष्ट हैं और जल्द ही किसानों को मुआवजा राशि वितरित की जाएगी। बेमौसम बारिश से 90 फीसदी तक फसल खराब
ग्वालियर-चंबल अंचल में पिछले चार से पांच दिन में लगातार बेमौसम बारिश से फसलों को बहुत नुकसान हुआ है। बीते साेमवार को भितरवार में हुई अत्यधिक बारिश के कारण किसानों की 90 फीसदी ​​तक धान की फसल खराब हो गई है। इस भारी नुकसान के बाद किसान लगातार मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में स्थानीय नेता लगातार गांव-गांव जाकर किसानों से मिलकर उनसे बात कर रहे हैं, जिससे लगे कि वह अपने क्षेत्र में कितने सक्रिय हैं। कांग्रेस ने कहा-5 सालों से कोई न कोई आपदा आ रही
इस मामले में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह का कहना है कि विषय ये नहीं कि कौन क्या कह रहा है। यह तो बीजेपी का तरीका है मुद्दे को भटकाने का, इस समय इस बात पर फोकस किया जाना चाहिए की इस बारिश की वजह से किसानों की फसलें चौपट हो गई हैं। किसानों के पास हर जनप्रतिनिधि जाता है इसीलिए पूर्व मंत्री भी गए थे। कहासुनी अलग बात है लेकिन मुद्दा यह है कि पिछले पांच वर्षों में कोई ना कोई आपदा किसानों को प्रभावित कर रही है और सरकार उनके लिए क्या कर रही है। सांसद ने कहा- काम का हिसाब मांगना जनता का हक
इस मामले में भाजपा से ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह का कहना है कि जनता सजग है जागरूक है और लोकतंत्र में जनता का हक है की अपने चुने हुए जन प्रतिनिधि से काम का हिसाब मांगे। जिसने क्षेत्र का लगातार प्रतिनिधित्व किया हो फिर वो लाखन सिंह हो या कोई और, जनता सवाल पूछ सकती है। इसमें बुरा मानने वाली बात नहीं है। जनता ही काम करने का मौका देती है कहीं कोई कमी होगी तो उसे मनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com