14 नवम्बर, बाल दिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को नशा मुक्त, एकाग्रचित्त और उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ʻनशा मुक्त युवा-विकसित भारत-फिट राजस्थानʼ युवा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव डॉ. नीरज कुमार पवन ने बताया कि कार्यक्रम में योग सत्र सहित विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशा मुक्ति तथा उद्देश्यपूर्ण जीवन के प्रति जागरूक करेंगे।
डॉ. पवन ने सोमवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राजस्थान युवा बोर्ड एवं आर्ट ऑफ लिविंग संस्था, राजस्थान के संयुक्त में तत्वाधान आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध मानवतावादी एवं आध्यात्मिक गुरु गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण गणमान्यजन तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य राजस्थान के युवाओं को नशा मुक्त, स्वस्थ, सशक्त एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए प्रेरित करना है। डॉ. पवन ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं प्रतिभागियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ- जैसे आवागमन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, जलपान एवं बैठने की व्यवस्था-समुचित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए समन्वय पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री मुकेश कुमार मूंड, युवा बोर्ड के सदस्य सचिव श्री कैलाश चंद पहाड़िया, आर्ट ऑफ लिविंग संस्था से श्री विवेक अग्रवाल तथा पुलिस, डीओआईटी, पर्यटन, नगर निगम ग्रेटर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, स्काउट गाइड, एनसीसी,शिक्षा विभाग सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
