यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिन्ना को कहा ‘जिन्नाजी’:बोले- विजयवर्गीय को सड़क पर चलने नहीं देना चाहिए, मेयर पर गैर इरादतन हत्या का केस हो

इंदौर प्रेस क्लब में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा जैसी घटनाएं पहली बार नहीं हुई हैं, लेकिन जिम्मेदारों को कोई परवाह नहीं है। चिब ने कैलाश विजयवर्गीय के बयानों को गैर-जिम्मेदाराना बताया और मांग की कि उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने महापौर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करने की भी मांग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उदय भानु ने आजादी के संघर्ष में महापुरुषों के नाम गिनाते हुए जिन्ना को “जिन्नाजी” कहकर संबोधित किया और कहा कि देश की आजादी पूर्वजों के बलिदान से मिली। उन्होंने भाजपा की लापरवाही और जनता की जान की अनदेखी पर कड़ा निशाना साधा। पढ़िए उदय भानु चिब का पूरा बयान
उदय भानु ने कहा- अंग्रेजों ने आसानी से नहीं दी थी आजादी…इसमें हमारे पूर्वजों की जान गई थी, उनका बलिदान था। बहुत से नेता जेल गए थे…भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और जिन्ना जी। कितने लोग जेल में रहे और ऐसे हजारों सैकड़ों हैं, जिनके बलिदान के बाद देश को आजादी मिली। भाजपा की लापरवाही से पहले भी मौतें हो चुकीं
उदय भानु चिब ने भागीरथपुरा मामले में कहा कि इंदौर में इस तरह की घटनाएं पहली बार नहीं हो रहीं। इससे पहले भी भाजपा की लापरवाही के कारण बच्चों और आम लोगों की मौतें हो चुकी हैं, लेकिन भाजपा को अपनी जवाबदेही का कोई एहसास नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बयानों से साफ झलकता है कि उन्हें जनता की जान की कोई परवाह नहीं है। विजयवर्गीय को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए
कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर निशाना साधते हुए उदय भानु चिब ने कहा कि उनके बयान यह दिखाते हैं कि उन्हें इस पूरे मामले से कोई फर्क नहीं पड़ता। ऐसे लोगों को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, लेकिन भाजपा ने उन्हें मंत्री बना रखा है। उदय भानु चिब ने मांग की कि संबंधित मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। छह महीनों से शिकायतें हो रही थीं, अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे थे
उदय भानु ने कहा की भागीरथपुरा मामले में महापौर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कैलाश विजयवर्गीय पहले भी इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान दे चुके हैं। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि छह महीनों से लगातार शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि सोए रहे। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो हालात इतने गंभीर नहीं होते। जम्मू के रहने वाले हैं उदय भानु
उदय भानु चिब जम्मू के पलौड़ा के रहने वाले हैं। कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के बेटे हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई से की थी। इसके बाद वे एनएसयूआई के जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष भी रहे। चिब को एनएसयूआई का राष्ट्रीय महासचिव भी बनाया गया है। इसके बाद वह प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यूथ कांग्रेस के नया अध्यक्ष बनाया है। विधायक गोलू शुक्ला बोले- कांग्रेस का पाकिस्तानी प्रेम
इंदौर 3 से बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला ने उदय भानु चिब के बयान पर कहा कि यह घोर निंदनीय है। बड़े ही शर्म की बात है कि कांग्रेस पार्टी ने ऐसे व्यक्ति को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बना रखा है जो जिन्ना को जिन्ना जी कह रहा है। उदय भानु के इस बयान से कांग्रेस पार्टी का पाकिस्तानी प्रेम एक बार फिर हम सबके सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com