हरियाणा के ड्राइवर की ₹10 करोड़ की लॉटरी निकली:पंजाब का लोहड़ी बंपर टिकट खरीदा था; बेटा बोला- अब तो थार गाड़ी लेंगे

हरियाणा में सिरसा के रहने वाले पृथ्वी सिंह की 10 करोड़ रुपए की लॉटरी निकली है। पृथ्वी सिंह पेशे से ड्राइवर हैं। उन्होंने पंजाब स्टेट डियर लॉटरी (लोहड़ी मकर संक्रांति बंपर 2026) में पहला इनाम जीतकर सबको हैरान कर दिया। इनाम जीतने की जानकारी मिलने के बाद पृथ्वी सिंह के घर में खुशी का माहौल है। परिवार ने ढोल-नगाड़े बजाकर और नोटों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। पृथ्वी सिंह ने कहा कि इन पैसों से वह अपना खुद का काम शुरू करेंगे। वहीं बेटे ने कहा- अब तो थार गाड़ी लेंगे। अब सिलसिलेवार ढंग से पृथ्वी सिंह के बारे में जानिए… 2 बच्चों के पिता, पत्नी स्कूल में चपरासी
पृथ्वी सिंह रानियां के पास मोहम्मदपुरिया गांव के रहने वाले हैं। इनके परिवार में पत्नी सुमन, बेटी रितिका, बेटा दक्ष और पिता देवीलाल हैं। पृथ्वी मजदूरी के साथ-साथ ड्राइवरी का भी काम करते हैं। इनकी पत्नी सुमन पास के ही एक स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत है। पृथ्वी बोले- अपना काम शुरू करेंगे
पृथ्वी ने बताया कि उन्होंने मदन लाल से लॉटरी का टिकट खरीदा था। इससे पहले भी उन्होंने एक बार टिकट खरीदा था, लेकिन तब नहीं निकला था। दूसरी बार में उन्हें सफलता मिली। उन्होंने कुल 3 टिकट खरीदे थे – पहला 500 रुपए का, दूसरा 200 रुपए का और तीसरा 100 रुपए का। उनमें से 500 रुपए का टिकट (नंबर 327706) निकला है। मदन लाल ने उन्हें फोन करके बताया कि उनकी लॉटरी निकल आई है, जिससे उन्हें बहुत खुशी हुई। वे इन पैसों से अपना खुद का काम शुरू करेंगे। नन्हे बेटे की मासूम जिद: “अब थार गाड़ी लेंगे”
पृथ्वी सिंह के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके 6 वर्षीय बेटे दक्ष की मासूमियत ने सबका दिल जीत लिया। दक्ष ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पापा को 10 करोड़ रुपए मिले हैं, अब हम थार गाड़ी खरीदेंगे। उनकी पत्नी सुमन ने भी इसे भगवान का आशीर्वाद बताया और कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनकी किस्मत ऐसे बदलेगी। टिकट विक्रेता बोले- 30 प्रतिशत टैक्स कटेगा
किलियांवाली मंडी के टिकट विक्रेता मदन ने बताया कि वे कई सालों से लॉटरी टिकट बेचने का काम कर रहे हैं। उनके द्वारा बेचे गए टिकटों में 5 करोड़ से लेकर 5 लाख तक के इनाम निकले हैं। इस बार पृथ्वी सिंह का सबसे बड़ा इनाम निकला है। अब पृथ्वी को अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक की पासबुक और टिकट लेकर चंडीगढ़ के ऑफिस में जमा कराने होंगे। पेमेंट सीधे उनके खाते में आएगी, जिसमें से 30 प्रतिशत टैक्स कटेगा। इस तरह उन्हें करीब 7 करोड़ रुपए मिलेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com