
भारत–पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बने गतिरोध पर सोमवार को पूरे दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और PCB के शीर्ष अधिकारियों के बीच लगातार बातचीत होती रही। देर रात तक चली बैठकों के बाद स्थिति साफ हो गई और पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया।
पाकिस्तान सरकार ने टीम को दिया खेलने का निर्देश

टी20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पाकिस्तान सरकार ने अहम हस्तक्षेप किया। सरकारी सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोध के बाद पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। इसके बाद PCB ने भी अपने रुख में बदलाव करते हुए मैच खेलने पर सहमति जता दी।
इससे पहले पाकिस्तान की ओर से इस मुकाबले के बहिष्कार का ऐलान किया गया था, जिससे टूर्नामेंट पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। लेकिन अब यह साफ हो गया है कि मैच अपने तय समय और स्थान पर ही खेला जाएगा।
BCCI की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया, ICC को दिया श्रेय

इस पूरे घटनाक्रम पर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस विवाद के समाधान का श्रेय क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ICC को दिया है।
ICC की पहल से निकला समाधान
राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ICC प्रतिनिधियों की पहल और ICC चेयरमैन की निगरानी में हुई बातचीत ने इस पूरे मसले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि ICC के प्रतिनिधि PCB और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से बातचीत के लिए लाहौर गए थे, जिसके बाद यह सकारात्मक नतीजा सामने आया।
उन्होंने कहा, “ICC के प्रतिनिधियों की पहल, चेयरमैन की निगरानी और पाकिस्तान व बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ हुई बातचीत से क्रिकेट के महत्व को प्राथमिकता देने वाला एक अच्छा और सौहार्दपूर्ण समाधान निकला है। इसके लिए ICC पूरी तरह बधाई का पात्र है।”
