भीमावरम (आंध्र प्रदेश)। आज एसआरकेआर इंजीनियरिंग कॉलेज में इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) की वार्षिक आम सभा (AGM) आज भव्य रूप से संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने की, जबकि महासचिव श्री राकेश ठाकरान ने संचालन किया। इस अवसर पर इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधि श्री राजकुमार (मॉरीशस) पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। देश के 28 राज्यों से आए अध्यक्षों एवं महासचिवों ने भाग लिया, जबकि आंध्र प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री निशांत वर्मा ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई तथा दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राष्ट्रीय स्तर पर 8 चैंपियनशिप, 1550+ बॉक्सरों की भागीदारी, बॉक्सिंग को मिला नया विस्तार
बैठक में वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें देशभर में आयोजित 8 प्रमुख राष्ट्रीय चैंपियनशिपों का उल्लेख रहा। तमिलनाडु में पं. गणेश प्रसाद मिश्र कप, उत्तर प्रदेश में श्रीरामकृष्ण कटियार कप, भागलपुर (बिहार) में यूथ नेशनल चैंपियनशिप, नई दिल्ली में फाइट नाइट फिएस्टा (दूरदर्शन स्पोर्ट्स द्वारा लाइव), रांची में ईस्ट इंडिया टाइटल चैंपियनशिप, अयोध्या में केएससी कप तथा उदयपुर में राणा सांगा ट्रॉफी जैसे आयोजन हुए। विशेष रूप से राणा सांगा ट्रॉफी में 550 से अधिक बॉक्सरों की भागीदारी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की दमदार उपस्थिति, 17 पदक और वर्ल्ड बॉक्सिंग में स्थायी सदस्यता: डॉ. राकेश मिश्र
डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित एशियन यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत ने 17 पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं दुबई में आयोजित IBA वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय टीम के 35 सदस्य शामिल हुए। सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि वर्ल्ड बॉक्सिंग कांग्रेस में भारत को कार्यों के आधार पर स्थायी सदस्यता प्रदान की गई, जिससे देश की अंतरराष्ट्रीय पहचान और सशक्त हुई।
“प्रतिभा की कमी नहीं, सही मंच की जरूरत” डॉ. मिश्र जी का आह्वान
डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल सही मंच और मार्गदर्शन की। उन्होंने महासचिव श्री राकेश ठाकरान के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में संगठन का निर्वाचन हुआ है। उन्होंने पूर्व खिलाड़ियों और पदाधिकारियों से पुनः जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य पारदर्शिता, राष्ट्रहित और खेल विकास के साथ आगे बढ़ना है, न कि किसी प्रतिस्पर्धा में उलझना।
भीमावरम में U-23 चैंपियनशिप का समापन, दिल्ली महिला टीम विजेता: राकेश ठाकरान
इस अवसर पर U-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप का समापन समारोह भी आयोजित हुआ। महिला वर्ग में दिल्ली टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹50,000 नगद एवं ट्रॉफी जीती, जबकि पंजाब टीम द्वितीय स्थान पर रही। सभी विजेताओं को मेडल एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
फेडरेशन द्वारा खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, सांत्वना राशि, टीए-डीए और उच्च स्तरीय आवास व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, भीमावरम में आयोजित आरजे-1 (रेफरी-जज) परीक्षा के माध्यम से देशभर के लिए नए अंतरराष्ट्रीय स्तर के 21 अधिकारी तैयार किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में आंध्र प्रदेश एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री निशांत वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन भारतीय बॉक्सिंग के उज्ज्वल भविष्य, संगठनात्मक मजबूती और व्यापक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बना।
