विधानसभा उपचुनाव- दतिया-मंजलपुर में भाजपा प्रत्याशी आगे:दोनों जगह पहले राउंड की गिनती पूरी; बांकीपुर में रुझान आना बाकी, BJP नेता ने 200kg लड्डू बनवाए

बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को हुए उपचुनावों की मतगणना जारी है। मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मंजलपुर में पहले राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। दोनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, बिहार के बांकीपुर में रुझान आना बाकी है। दतिया में पहले राउंड की गिनती में भाजपा के आशुतोष तिवारी को 4441 वोट, कांग्रेस के घनश्याम सिंह को 3532 वोट और आजाद समाज पार्टी को 2117 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार 909 वोटों से आगे चल रहे हैं। गुजरात के मंजलपुर में पहले राउंड के बाद भाजपा के सतीश पटेल ने कांग्रेस के भिखाभाई रबारी पर 1640 वोटों की बढ़त बना ली है। बांकीपुर में AN कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। यहां 14 टेबल पर 31 राउंड में वोटों की गिनती होगी। इस सीट पर जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज सिन्हा और RJD की रेखा गुप्ता समेत 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। नतीजों से पहले बीजेपी ने जश्न की तैयारी भी कर ली है। पार्टी नेता कल्लू ने 200 किलो लड्डू बनवाए हैं। दतिया, मध्य प्रदेश: 15 राउंड में होगी काउंटिंग, मैदान में 21 उम्मीदवार दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है। पोस्टल बैलट की गिनती पूरी हो चुकी है और अब EVM के वोटों की गिनती चल रही है। मतगणना 15 राउंड में होगी। इसके लिए 21 टेबल बनाई गई हैं। इनमें 20 टेबल EVM और एक टेबल पोस्टल बैलट के लिए है। काउंटिंग में करीब 350 अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है। इनके अलावा किन्नर संजना समेत कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि घनश्याम सिंह दतिया राजघराने से आते हैं। बांकीपुर, बिहार: EVM की गिनती जारी, प्रशांत किशोर पर नजर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना पटना के ए.एन. कॉलेज में जारी है। पोस्टल बैलट की गिनती पूरी हो चुकी है और अब EVM के वोटों की गिनती चल रही है। यहां 14 टेबल पर 31 राउंड में मतगणना होगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। यहां 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे चर्चित मुकाबला जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा के बीच है। हर राउंड के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे और दोपहर तक अंतिम परिणाम आने की उम्मीद है। मंजलपुर, गुजरात: EVM के वोट गिने जा रहे, 19 राउंड में पूरी होगी काउंटिंग मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना वडोदरा के भवन्स स्कूल में जारी है। पोस्टल बैलट की गिनती पूरी होने के बाद EVM के वोटों की गिनती चल रही है। दोपहर तक हार-जीत की तस्वीर साफ होने की संभावना है। मुख्य मुकाबला भाजपा के सतीश गोविंदभाई पटेल और कांग्रेस के भिखाभाई रबारी के बीच है। मतगणना 19 राउंड में पूरी होगी। इसके लिए 14 EVM टेबल और एक पोस्टल बैलट टेबल बनाई गई है। 260 मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। दतिया में सबसे ज्यादा, बांकीपुर में सबसे कम वोटिंग हुई तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस बार तीनों सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले कम वोटिंग दर्ज की गई। मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर 2023 विधानसभा चुनाव में 81.61% मतदान हुआ था, जबकि उपचुनाव में यह घटकर 71.44% रह गया। गुजरात की मंजलपुर सीट पर 2022 विधानसभा चुनाव में 59.58% वोटिंग हुई थी, जो इस बार 37.05% रही। वहीं, बिहार की बांकीपुर सीट पर 2025 विधानसभा चुनाव में 41.39% मतदान हुआ था, जबकि उपचुनाव में 34.3% वोट पड़े। इस तरह तीनों सीटों पर पिछले चुनाव की तुलना में मतदान प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई। ———————— यह खबर भी पढ़ें… सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में शख्स ने चप्पल फेंकी:समर्थकों ने पीटा, दावा- चाकू लेकर आया था; आरोपी यूपी में भाजपा के पदाधिकारी बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर उनके दिल्ली में स्थित आवास पर रविवार शाम एक शख्स ने हमला कर दिया। पप्पू यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, इसी बीच एक आदमी ने उनके ऊपर चप्पल फेंक दी। इसके बाद पप्पू के समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की। पूरी खबर पढ़ें…

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com