छात्रों पर विवादित बयान देने वाला केरलम का यूट्यूबर गिरफ्तार:डिजिटल डिवाइस जब्त; वीडियो में कहा था- जंतर-मंतर प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग कराता

केरलम पुलिस ने सोमवार को राइट विंग पॉलिटिकल कमेंटेटर टीजी मोहनदास को गिरफ्तार किया है। उन पर NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर विवादित बयान देने का आरोप है। पुलिस को मिली शिकायत में कहा गया है कि मोहनदास ने यूट्यूब चैनल पथरिका पर 24-25 जुलाई को वीडियो अपलोड किए। इनका उद्देश्य लोगों में डर पैदा करना और अशांति फैलाना था। मोहनदास पर आरोप है कि उन्होंने वीडियो में कहा- ‘जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में ‘गैंगरेप की घटनाएं हो सकती हैं’, लेकिन इसकी कोई शिकायत नहीं होगी क्योंकि प्रदर्शन में शामिल होने वालों को रेप पसंद है और कुछ लड़कियां हैं जो रेप का आनंद लेती हैं।’ उन्होंने कहा था कि अगर वह होते तो जंतर-मंतर पर कर्फ्यू लगा देते और प्रदर्शनकारियों को हटने का आदेश देते। अगर प्रदर्शनकारी नहीं मानते, तो वे फायरिंग का आदेश देते। यूट्यूब चैनल की जांच, डिजिटल डिवाइस जब्त पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मोहनदास को रविवार को कोच्चि में उनके घर से हिरासत में लिया गया था। उन्हें आधी रात को तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी हुई। उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि मोहनदास के यूट्यूब अकाउंट से जुड़ी जानकारी जुटाई है। पुलिस ने वीडियो बनाने और उसे अपलोड करने में इस्तेमाल डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं। इन्हें कोर्ट में पेश कर फॉरेंसिंक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने मोहनदास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), IT एक्ट और केरलम पुलिस एक्ट की कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच आगे बढ़ने पर मोहनदास के खिलाफ कुछ और धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। इनमें जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा करना जिससे दंगा भड़क सकता है, झूठे बयान, अफवाह या रिपोर्ट प्रकाशित या प्रसारित करना और किसी भी संचार माध्यम से व्यक्ति को परेशान करने जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया ऑपरेटरों से विवादित वीडियो को हटाने का अनुरोध भी किया है। थाने और कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ाई मोहनदास को रविवार को हिरासत में लिए जाने के दौरान उनके कोच्चि स्थित घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। इसे देखते हुए पुलिस तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन और संबंधित कोर्ट के आसपास भीड़ या प्रदर्शन की आशंका को लेकर सतर्क है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com