फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम फेल हुए थे:जांच रिपोर्ट में खुलासा, 4 सेकेंड पायलट का कंट्रोल नहीं चला; विमान 300 फीट नीचे आया

एअर इंडिया की 4 अगस्त की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट AI-2379 के करीब 300 फीट नीचे आने की घटना में नया खुलासा हुआ है। एयरबस की शुरुआती ब्लैक बॉक्स जांच के मुताबिक, विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम एक साथ फेल हो गए थे। इसके कारण करीब 4 सेकंड तक विमान के कंट्रोल पायलट की कमांड पर काम नहीं कर रहे थे। हाइड्रोलिक सिस्टम विमान के एलेवेटर, एलेरॉन और स्पॉयलर जैसे जरूरी हिस्सों को चलाने में मदद करते हैं। जांच के मुताबिक, इसी दौरान फ्लाइट का ऑटोपायलट भी डिस्कनेक्ट हो गया और विमान का कंट्रोल बिगड़ गया। इसके बाद विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस दौरान यात्रियों और केबिन क्रू को जोरदार झटका लगा। कई लोग विमान की छत से जा टकराए और 24 लोग घायल हो गए। फ्लाइट में 137 पैसेंजर और 8 क्रू मेंबर सवार थे। कुछ सेकंड बाद तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम दोबारा काम करने लगे। इसके बाद विमान को कंट्रोल में लिया गया और फ्लाइट ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की। 4 सेकेंड में क्या हुआ? सिलसिलेवार समझें 1. तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम फेलः ग्रीन, ब्लू और यलो यानी तीनों सिस्टम में एक साथ खराबी आई। इससे विमान के कंट्रोल सिस्टम फेल हो गया। 2. एलिवेटर-एलेरॉन ने कमांड नहीं मानीः पायलट के इनपुट के बावजूद एलिवेटर और एलेरॉन ने रिस्पॉन्स नहीं किया। स्पॉइलर भी काम नहीं कर रहे थे। 3. ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हुआः फ्लाइट का ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हो गया। कॉकपिट में स्टॉल की चेतावनी मिलने के बाद को-पायलट ने विमान की नोज नीचे करने के लिए कंट्रोल स्टिक आगे किया। 4. कंट्रोल इनपुट का असर नहीं हुआः हाइड्रोलिक पावर नहीं होने के कारण को-पायलट के कंट्रोल स्टिक आगे करने पर भी विमान की नोज तुरंत नीचे नहीं गई। 5. नोज तेजी से नीचे गईः तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम दोबारा काम करने लगे तो विमान की नोज तेजी से नीचे गई। यात्रियों और क्रू को जोरदार झटका लगा। 6. विमान फिर कंट्रोल में आयाः सिस्टम के एक्टिव होने के बाद पायलट विमान को कंट्रोल में ले सके और फ्लाइट ने सुरक्षित लैंडिंग की। हाइड्रोलिक सिस्टम के बारे में जानिए विमान का हाइड्रोलिक सिस्टम पायलट के कंट्रोल को ताकत देकर विमान के जरूरी हिस्सों तक पहुंचाता है। इसमें दबाव वाले तरल का इस्तेमाल होता है। अगर हाइड्रोलिक सिस्टम काम करना बंद कर दें, तो पायलट का कंट्रोल इनपुट विमान के इन हिस्सों तक ठीक से नहीं पहुंच पाता। इससे विमान को ऊपर-नीचे या मोड़ना मुश्किल हो सकता है और उसका कंट्रोल प्रभावित हो सकता है। एक पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया था जांच में सामने आया था कि फ्लाइट का एक पायलट नशे में था। पायलट (कैप्टन) के दो ड्रग्स टेस्ट हुए हैं। दोनों टेस्ट पॉजिटिव थे। दूसरे में गांजा पीने की पुष्टि हुई थी। फ्लाइट के पैसेंजर ने आरोप लगाया था कि पायलट नशे में था। इसके बाद एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के सभी पायलटों की अब रोज जांच होगी कि उन्होंने प्रतिबंधित दवाओं या नशीले पदार्थों का नशा तो नहीं किया है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। यह टेस्ट आज से अनिवार्य कर दिया गया है। दोनों एयरलाइंस में 5 हजार से ज्यादा पायलट हैं। एयरलाइंस ने कहा- भरोसा जीतने के लिए कदम दोनों एयरलाइंस ने पायलटों से कहा है कि मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित सभी नशीले पदार्थों और दवाओं की जांच की जाएगी। पायलटों का टेस्ट गुरुग्राम की अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान होगा। इसके अलावा फ्लाइट के बाद ब्रीफिंग सेंटर, एयरलाइंस के ऑफिस और संबंधित बेस पर भी टेस्ट किए जाएंगे एयरलाइंस ने कहा कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और उनका भरोसा बनाए रखने के लिए उठाया गया है। AAIB की जांच शुरू भी शुरू एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो (AAIB) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। AAIB ने कहा कि जांच पूरी होने तक कोई नतीजा नहीं निकाला जाना चाहिए। यह पता लगाने की कोशिश करेगा… अब जानिए टर्बुलेंस क्या होता है टर्बुलेंस का मतलब है हवा का बहाव अचानक बदल जाना, जिससे विमान को झटके लगने लगते हैं। इस दौरान विमान कुछ समय के लिए ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिल सकता है और कभी-कभी कुछ फीट नीचे भी आ जाता है। इसी वजह से यात्रियों को लगता है कि विमान गिर रहा है। हालांकि, ज्यादातर मामलों में ऐसा नहीं होता। —————— ये खबर भी पढ़िए… दिल्ली-पुणे स्पाइसजेट फ्लाइट का AC खराब हुआ: सांस लेने में दिक्कत हुई, प्रेग्नेंट महिला की तबीयत बिगड़ी; 150 यात्री 6 घंटे एयरपोर्ट पर फंसे रहे दिल्ली से पुणे जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में मंगलवार रात AC खराब होने से करीब 150 यात्रियों को परेशानी हुई। केबिन का तापमान इतना बढ़ गया कि कुछ यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। एक गर्भवती महिला की तबीयत भी बिगड़ गई। पूरी खबर पढ़िए…

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com