यमन में हूतियों और सऊदी अरब के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। हूतियों विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी के 4 शहरों (अबहा, जिजान, नजरान और खमिस मुशैत) पर हमला किया। इसमें 73 लोग घायल हुए। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सऊदी में अबहा एयरपोर्ट, किंग खालिद एयरबेस और अरामको की कुछ फैसिलिटी पर भी हमले की खबर है। इन हमलों से कुछ घंटे पहले हूती विद्रोहियों ने आरोप लगाया था कि सऊदी अरब ने अल-हज्म शहर में एक जेल पर हमला किया था। इस हमले में 11 लोग मारे गए। इसमें एक बच्चा भी शामिल है। वह अपनी मां के साथ अपने पिता से मिलने आया था। जेल के वार्डन के मुताबिक, मलबे में एक महिला समेत 35 कैदी अभी भी फंसे हुए हैं। सऊदी बोला- हमले का बदला लेंगे सऊदी नेतृत्व वाले यमन गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने मंगलवार को कहा कि हूतियों ने सऊदी अरब में नागरिक और आर्थिक ठिकानों पर हमले किए। उन्होंने कहा कि ये हमले सऊदी की संप्रभुता के खिलाफ हैं और आम लोगों के लिए खतरा हैं। अल-मलिकी ने कहा कि गठबंधन इन हमलों का जवाब देगा और खतरे को रोकने के लिए जरूरी सैन्य कार्रवाई करेगा। उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि हूतियों ने ये हमले किस समय किए थे। यमन में फिर क्यों तेज हुई लड़ाई यमन में 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से संघर्षविराम हुआ था। इसके बाद बड़े स्तर की लड़ाई काफी कम हो गई थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच कोई स्थायी शांति समझौता नहीं हुआ था। 2026 में हालात फिर बिगड़ने लगे। यमन में हूतियों और सऊदी समर्थित यमनी सेना के बीच हमले बढ़ गए। दरअसल, ईरान अमेरिका के साथ जंग में फंसा हुआ है। ऐसे में यमन सरकार हूतियों के कब्जे वाले इलाकों को वापस लेना चाहती है, जबकि हूती लाल सागर के तटीय इलाकों और बाब अल-मंदेब के आसपास अपनी पकड़ बनाए रखना चाहते हैं। ——————— यह खबर भी पढ़ें… यमन में हूती विद्रोहियों के हमले में 129 की मौत:बाब अल-मंदेब पर कब्जे की कोशिश यमन में हूती विद्रोहियों और सरकारी फोर्स के बीच भीषण लड़ाई में 129 लोगों की मौत हुई है। हूती बाब अल-मंदेब स्ट्रेट के करीब अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
सऊदी के 4 शहरों पर हूतियों का हमला, 73 घायल:यमन में जेल पर एयरस्ट्राइक के बाद तनाव बढ़ा, इसमें 10 लड़ाके मारे गए थे
