₹28 हजार करोड़ के साइबर फ्रॉड केस में वकील गिरफ्तार:ED ने मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा; अब तक 7 गिरफ्तार, 20 राज्यों में फैला नेटवर्क

प्रवर्तन निदेशालय ने देशभर में फैले साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट के मामले में शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट से एक वकील को गिरफ्तार किया। एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क से करीब ₹28 हजार करोड़ के बैंकिंग लेन-देन जुड़े हैं। मामले में अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार वकील की पहचान रशेष उपाध्याय उर्फ रशेष शाह के रूप में हुई है। ED की पणजी यूनिट की टीम ने उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर उस समय पकड़ा, जब वे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में सवार होने वाले थे। कस्टम्स और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों ने इस कार्रवाई में मदद की। आरोपी को पणजी ले जाया गया, जहां विशेष PMLA कोर्ट ने उन्हें 29 अक्टूबर तक ED की हिरासत में भेज दिया। गोवा की महिला से ₹2.60 करोड़ की ठगी के बाद शुरू हुई जांच ED के मुताबिक, गोवा पुलिस ने 9 जून 2025 को इस मामले में FIR दर्ज की थी। आरोप है कि साइबर ठगों ने एक महिला को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया और 21 मई से 2 जून 2025 के बीच उससे ₹2.60 करोड़ अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। ED ने कोर्ट में आरोप लगाया कि उपाध्याय इस नेटवर्क की अहम कड़ी थे। एजेंसी का दावा है कि पुलिस की शिकायतों के बाद जब नेटवर्क से जुड़े बैंक खाते फ्रीज किए जाते थे, तो आरोपी संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों को रिश्वत देकर खाते दोबारा खुलवाने में मदद करते थे। रिश्वत की रकम ‘आंगड़िया’ नेटवर्क के जरिए पहुंचाई जाती थी। यह नेटवर्क नकदी के लेन-देन का काम करता है। 400 खातों में जमा हुई ठगी की रकम ED के अनुसार, गोवा की महिला से ठगी गई रकम कमोडिटी, ट्रैवल और विदेशी मुद्रा कारोबार से जुड़ी कंपनियों के करीब 400 म्यूल खातों में जमा की गई। इन कंपनियों को फर्जी निदेशकों के जरिए चलाया जा रहा था। बाद में रकम नकद निकाली गई और RBI से लाइसेंस प्राप्त मनी चेंजर के जरिए विदेशी मुद्रा में बदली गई। एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क ने करीब ₹28,000 करोड़ के बैंकिंग लेन-देन किए और लगभग ₹2,900 करोड़ नकद जमा किए। ED ने यह भी आरोप लगाया कि उपाध्याय ने वकील के तौर पर नामांकन कराया था, लेकिन किसी आरोपी या उनकी कंपनियों की ओर से अदालत में पेश नहीं हुए और न ही वकालतनामा दाखिल किया। ————- ये खबर भी पढ़ें… डिजिटल अरेस्ट कर 2 करोड़ की ठगी, गिरफ्तार:बुजुर्ग दंपती को 20 दिन तक वीडियो कॉल पर रखा बंधक; अब तक 3 आरोपी पकडे़ जयपुर में बुजुर्ग दंपती को डिजिटल अरेस्ट कर 2 करोड़ रुपए की साइबर ठगी कर ली। सेंट्रल साइबर क्राइम पुलिस थाना जयपुर ने पश्चिम बंगाल से आरोपी ललित विश्वास को गिरफ्तार किया। पूरी खबर पढे़ं…