वर्ल्ड अपडेट्स:न्यूज कंपनी BBC के डायरेक्ट जनरल और न्यूज हेड का इस्तीफा; ट्रम्प ने भाषण को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाया था

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ब्रिटेन की प्रसिद्ध न्यूज कंपनी BBC पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि BBC ने उनके 6 जनवरी 2021 के भाषण को गलत तरीके से काट-छांट कर दिखाया, जिससे ऐसा लगा जैसे वे लोगों को हिंसा के लिए उकसा रहे थे। असल में ट्रम्प ने उस दिन कहा था कि वे कैपिटल जाएंगे और अपने सांसदों का हौसला बढ़ाएंगे। लेकिन BBC ने वीडियो को तोड़-मरोड़ कर ऐसा दिखाया जैसे ट्रम्प ने कहा- हम कैपिटल जाएंगे और पूरी ताकत से लड़ेंगे। इस पूरे मामले का खुलासा ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ ने एक गुप्त मेमो लीक करके किया। मेमो में साफ लिखा था कि BBC ने जानबूझकर ट्रम्प का भाषण बदल दिया था। इस घोटाले के बाद BBC के दो सबसे बड़े अधिकारी डायरेक्ट जनरल टिम डेवी और न्यूज हेड डेबोरा टर्नेस ने इस्तीफा दे दिया। टिम डेवी ने कहा कि यह उनका अपना फैसला है, जबकि डेबोरा ने माना कि गलती हुई, लेकिन BBC में कोई पक्षपात नहीं है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बीबीसी के लोग बेईमान हैं और उन्होंने उनके परफेक्ट भाषण को तोड़ा-मरोड़ा। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए बहुत खराब बताया। उनका कहना है कि विदेशी मीडिया ने अमेरिकी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com