महाराष्ट्र में साहूकारों ने बिकवा दी किसान की किडनी:50 हजार का कर्ज 4 साल में 74 लाख हुआ, कंबोडिया में 8 लाख में बेची; 6 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के चंद्रपुर ज़िले के एक किसान रोशन कुडे ने कहा कि 74 लाख का कर्ज चुकाने के लिए लिए कुछ साहूकारों ने उसे अपनी किडनी बेचने के लिए मजबूर किया था। पुलिस ने कुडे का बुधवार को चंद्रपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हेल्थ चेकअप करवाया, जिसके बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी एक किडनी गायब है। ब्रह्मपुरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की और 6 साहूकारों को गिरफ्तार किया। पांच को 20 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इनमें किशोर बावनकुले, प्रदीप बावनकुले, संजय बल्लारपुरे, लक्ष्मण उरकुडे, मनीष घाटबंधे और सत्यवान बोरकर के नाम हैं। जानिए कैसे 50 हजार का कर्ज 74 लाख पहुंचा नागभीड़ तहसील के मिंथुर गांव के रहने वाले कुडे के पास चार एकड़ खेती की जमीन है। खेती में नुकसान के कारण उसने एक साइड बिजनेस शुरू करने का फैसला किया। कुडे ने डेयरी फार्मिंग से कुछ कमाई की उम्मीद में गायें खरीदीं। उसने 2021 में दो साहूकारों से 40% ब्याज दर पर 50,000 रुपए उधार लिए थे। साहूकारों ने बाद में दावा किया कि ब्याज के साथ यह रकम बढ़कर 74 लाख रुपए हो गई थी। एक साहूकार ने उसे लोन का कुछ हिस्सा चुकाने के लिए किडनी बेचने का सुझाव दिया। इसके बाद उसने इंटरनेट पर सर्च किया और एक एजेंट से संपर्क किया। कोलकाता से कंबोडिया गया, वहां एक किडनी के 8 लाख मिले रोशन ने एजेंट से बात की तो वह उसे कोलकाता ले गया। कोलकाता में एक डॉक्टर से मेडिकल जांच के बाद, कुडे कंबोडिया गया, जहां उसकी किडनी निकाल ली गई। कुडे ने पुलिस को बताया कि उसे इसके बदले 8 लाख रुपए मिले। चंद्रपुर SP सुदर्शन मुम्मका ने कहा कि हमने कुडे से पूरी जानकारी देने का अनुरोध किया है। हमने उसके फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन की जांच की और पाया कि उसने कई साहूकारों से पैसे उधार लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com