हरियाणा के झज्जर में तूड़ी से भरा तेज रफ्तार ट्रक एक कार पर पलट गया। हादसे में कार सवार सभी पांचों लोगों की मौत हो गई। हादसा देर शाम 8 बजे सिलानी गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक हटाकर कार सवारों को बाहर निकाला गया। पांचों लोगों की मौके पर मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल भिजवा दिए हैं। मृतकों में ठेकेदार और 4 मजदूर शामिल हैं। इनमें ठेकेदार झज्जर के सुहरा और मजदूर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। सभी एक निर्माणाधीन घर की शटरिंग लगाकर लौट रहे थे। हादसे के बाद की 2 तस्वीरें… शटरिंग की दुकान चलाता था घनश्याम
सुहरा गांव निवासी घनश्याम किशोर (50) शटरिंग लगाने का काम करता था। उसने सिलानी गेट पर दुकान की हुई है। उत्तर प्रदेश में संभल जिले के बजेटा गांव निवासी अखिलेश (22), जयवीर (30), आजमगढ़ के पावरपुर निवासी जर्नादन उर्फ मुन्ना और पिंटू घनश्याम की दुकान पर ही काम करते थे। चारों मजदूर शहर में डाबरा मंदिर के पास सिलानी गेट पर ही रहते थे। इनमें जयवीर और अखिलेश सगे भाई थे। मजूदरों को छोड़ने जा रहा था
घनश्याम ने उटलोधा गांव के प्रीत शर्मा के घर शटरिंग का ठेका लिया हुआ था। मंगलवार को घनश्याम चारों मजदूरों को लेकर उटलोधा गांव में आया था। देर शाम काम पूरा होने के बाद पांचों घनश्याम की अल्टो कार से शहर की तरफ आ रहे थे। तभी सिलानी गांव के पास तूड़ी से भरा ट्रक आया और कार पर पलट गया।
हरियाणा में कार पर ट्रक पलटा, 5 की मौत:झज्जर में मकान की शटरिंग लगाकर लौट रहे थे; मृतकों में 4 यूपी के रहने वाले
