भोपाल, 22 जुलाई। मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल (IAS, 1991 बैच) को आगामी आदेश तक मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन का अस्थायी (स्थानापन्न) प्रभार सौंपने के आदेश जारी किए हैं। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। आदेश 22 जुलाई 2026 को जारी किया गया।
अशोक बर्णवाल वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ-साथ भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। शासन के नवीन आदेश के अनुसार वे अब आगामी आदेश तक राज्य के मुख्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे।
कौन हैं अशोक बर्णवाल?
अशोक बर्णवाल मध्य प्रदेश कैडर के 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। उनका जन्म 27 जनवरी 1967 को हुआ। उन्होंने माइनिंग इंजीनियरिंग में बी.ई. तथा स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। अपने तीन दशक से अधिक लंबे प्रशासनिक करियर में वे प्रमुख सचिव, सचिव, प्रबंध संचालक, आयुक्त, जिला कलेक्टर, पर्यावरण आयुक्त एवं निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
