लखनऊ में सोमवार को दिनदहाड़े एक परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में रिटायर्ड सचिवालय कर्मचारी, उनका कारोबारी बेटा और भाई शामिल हैं। पिता और बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाई ने ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। मामला जिला मुख्यालय से 8.4 किलोमीटर दूर सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता का है। मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शंभू उर्फ शिवेंद्र तिवारी (57), बेटे सुयश तिवारी (30) के रूप में हुई है। शंभू तिवारी, लखनऊ विवि में कर्मचारी थे। जबकि, सुयश इलेक्ट्रिक सामानों का कारोबार करते थे। वहीं, आरोपी ऋषभ शुक्ला (30) मर्चेंट नेवी में नेवीगेशन अफसर था। हालांकि, बताया जा रहा कि उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शिवाजी तिवारी घर के पास बरगद के पेड़ के नीचे गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद था। पड़ोस का रहने वाला ऋषभ शुक्ला विरोध कर रहा था। सोमवार को भी पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज और मारपीट के बाद दूसरे पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उधर, वारदात के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा भी पहुंचे। वारदातस्थल का मुआयना करने, जानकारी लेने के बाद परिजन से बातचीत की। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने बताया- आरोपी को पुलिस ने पिस्टल सहित हिरासत में ले लिया है। पार्किंग को लेकर विवाद था।
लखनऊ में दिनदहाड़े एक परिवार के 3 लोगों की हत्या:बाप-बेटे और भाई को ताबड़तोड़ गोलियां मारीं, चबूतरे के विवाद में वारदात