पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। मध्य प्रदेश के औसत तापमान में गुरुवार रात 6.1 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के राजगढ़ में सबसे कम 11 डिग्री तापमान रहा। इंदौर में 12.1° और भोपाल में 13° तापमान दर्ज की गई। दिल्ली में गुरुवार को इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12.7° सेल्सियस तक गिर गया। यह इस सर्दी में पहली बार है जब तापमान 15 डिग्री से नीचे चला गया। इससे पहले, इस साल का न्यूनतम तापमान 26 अक्टूबर को 15.8 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में MP-छत्तीसगढ़ में तापमान 2-4° सेल्सियस तक और गिर सकता है। दिल्ली-NCR के तापमान में अगले 2-3 दिन में तेजी से गिरावट आएगी और ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे कड़ाके की ठंड का एहसास होगा। अगले दो दिनों तक बादल भी छाए रहेंगे। हिमाचल प्रदेश में बीते 48 घंटे के दौरान कई जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले कई जगहों का पारा तो शून्य से नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में बुधवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी से हर तरफ बर्फ की चादर बिछ गई है। देश में मौसम की तस्वीरें…
मध्य प्रदेश में तापमान 11°, दिल्ली में 12.7° पहुंचा:अगले 2-3 दिन में कड़ाके की ठंड; हिमाचल में -5.5 डिग्री पारा, कश्मीर में भी बर्फबारी
