एमपी के दतिया से आतंकी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने पकड़ा:पंजाब के गुरुदासपुर थाने पर फेंका था ग्रेनेड; घर से पिस्तौल-कारतूस मिले

मध्यप्रदेश के दतिया में इंदरगढ़ से एक युवक को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कमरे से पिस्तौल और संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद उसे टेरर मॉड्यूल से जुड़ा बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में इसके पाक-प्रायोजित नेटवर्क से कनेक्शन की आशंका सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वार्ड क्रमांक-11, इंदरगढ़ निवासी विकास प्रजापति के रूप में हुई है। स्पेशल सेल की टीम उसे 26 नवंबर को हिरासत में लेकर दिल्ली ले गई थी। विकास दिल्ली में मजदूरी करता था। गिरफ्तारी के समय उसकी मां और भाई जामनगर (गुजरात) में काम कर रहे थे। जांच टीम विकास को दतिया लेकर आई, पिस्तौल मिली
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को जांच टीम विकास को दोबारा इंदरगढ़ लाई और उसके कमरे की तलाशी ली गई। इस दौरान एक पिस्तौल, कारतूस और करीब 10 ग्राम संदिग्ध सामग्री बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद उसे फिर दिल्ली ले जाया गया। स्थानीय पुलिस को फिलहाल केवल आर्म्स एक्ट से जुड़ी जानकारी दी गई है। आशंका- कई और कनेक्शन उजागर हो सकते हैं
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के इशारे पर काम कर रहा था। इस नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं—पंजाब का हरगुनप्रीत सिंह, यूपी का आरिफ और मध्यप्रदेश का विकास प्रजापति। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन्हीं आरोपियों ने 25 नवंबर को गुरदासपुर में थाने के सामने हैंड ग्रेनेड फेंका था। एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क के और भी कनेक्शन सामने आ सकते हैं। जांच अभी जारी है। मां ने कहा- दीपावली पर घर आया था
विकास की मां ने बताया कि वह दीपावली पर घर आया था, लेकिन उसके आने-जाने के बारे में परिवार को ज्यादा जानकारी नहीं होती थी। मां के अनुसार, वह गुजरात से लौटते ही बेटे की गिरफ्तारी की खबर से स्तब्ध रह गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com