गुरुग्राम में एयर होस्टेस अरेस्ट:पैसे ऐंठने के लिए रेप का झूठी FIR कराई, अपनी ही बताई कहानी में फंसी; बॉयफ्रेंड को जेल भिजवा चुकी

हरियाणा के गुरुग्राम में रेप की FIR करवाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने एक एयर होस्टेस को अरेस्ट किया है। इस युवती ने अपने बॉयफ्रेंड के खिलाफ ही रेप का केस दर्ज करवाकर जेल भिजवाया था।जब उसे पैसे की जरूरत पड़ी तो उसने बॉयफ्रेंड के दोस्त की मदद ली। उस दोस्त ने ही अपने दुश्मन से बदला लेने के लिए एयर होस्टेस का इस्तेमाल किया। उसने एयर होस्टेस के जरिए अपने दुश्मन के खिलाफ रेप केस दर्ज करवाया। इससे पहले कि ये लोग आरोपी से पैसे की डिमांड करते, उससे पहले पुलिस ने केस की जांच करते हुए इसे झूठा बता दिया और उल्टा एयर होस्टेस को ही गिरफ्तार कर लिया। जबकि, एयर होस्टेस के बॉयफ्रेंड का दोस्त फरार है। युवती मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली है। फिलहाल कापसहेड़ा में किराए के मकान में रह रही थी। 3 पॉइंट में समझिए रेप की उलझी हुई कहानी… एयर होस्टेस ने रची झूठी कहानी
एयर होस्टेस ने 11 दिसंबर 2025 को DLF फेज-2 थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसने ऑनलाइन जॉब पोर्टल पर प्रोफाइल बनाई। इसके बाद एक मोबाइल नंबर से संपर्क हुआ। 15 नवंबर 2025 को दोपहर 2 बजे नौकरी इंटरव्यू के बहाने MG रोड मेट्रो स्टेशन पर उसे बुलाया गया। एयर होस्टेस ने बताया- एक युवक ने ऑफिस की गाड़ी बताकर मुझे कार में बैठाया। इस कार को अजय नाम का व्यक्ति चला रहा था। वह मुझे पहले MGF मेट्रोपोलिटन मॉल ले गए। फिर वापस छोड़ते समय गाड़ी में मेरे साथ रेप किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। तकनीकी जांच में फंसी एयर होस्टेस
पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू की तो घटनास्थल MG रोड मेट्रो, MGF मॉल, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। जांच में कोई सबूत नहीं मिला। न तो गाड़ी और न आरोपी युवक की मौजूदगी वहां मिली। शिकायत में बताई कहानी की पुष्टि नहीं हुई। उपलब्ध सबूतों से साजिश साफ हो गई कि यह झूठी कहानी पैसे ऐंठने और दबाव बनाने के लिए रची गई थी। जब एयर होस्टेस से पूछताछ की गई तो उसने बिट्टू से मिलकर योजना बनाने की बात कबूल कर ली। इससे वह खुद फंस गई। पुलिस बोली- सख्त कार्रवाई होगी
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि एयर होस्टेस को अरेस्ट कर रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में उसने पूरी साजिश की जानकारी दी। झूठा केस हटाकर महिला पर नई धाराएं लगाई गई हैं। बिट्टू की तलाश जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि झूठे केस करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, क्योंकि इससे असली पीड़ितों को नुकसान होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com