नर्मदापुरम जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री चंद्रशेखर सोलंकी ने बैतूल जिले का वार्षिक निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केंद्र एवं थाना गंज सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था, अभिलेखों, संसाधनों, शस्त्रागार तथा विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आईजी सोलंकी ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जनसंपर्क मजबूत करने, बीट व्यवस्था को सक्रिय रखने तथा निगरानी बदमाशों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
आईजी ने पुलिस बल के नियमित प्रशिक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा अनुशासित एवं संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष बल देते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना भी है।
निरीक्षण के दौरान जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। वार्षिक निरीक्षण के माध्यम से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया गया तथा आवश्यक सुधारों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।
— (Global Mirror)
