संसद के मानसून सत्र का शुक्रवार को 10वां दिन है। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है। अनुराग का आरोप है कि राहुल गांधी ने को गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। गंभीर व बेबुनियाद आरोप लगाए। दरअसल, बुधवार को राहुल ने पेपर लीक संशोधन बिल पर बोलते हुए गृह मंत्री अमित शाह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल के भाषण के एक हिस्से को स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही से हटा दिया था। संसद में पेपर लीक और वंदमातरम बिल पास गुरुवार को वंदे मातरम् बिल राज्यसभा के बाद लोकसभा से भी पास हो गया है। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। स्पीकर ने इसके बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, पेपर लीक संशोधन बिल गुरुवार को राज्यसभा में भी पास हो गया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बिल पेश किया जिसके बाद इस पर 7 घंटे बहस हुई। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि शिक्षा संस्थानों में मनुस्मृति मानने वाले बढ़ गए हैं, इससे शूद्रों का पढ़ने का अधिकार छिन गया है। इस पर सदन में हंगामा शुरू हो गया।
मानसून सत्र का 10वां दिन:लोकसभा में राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस, गृह मंत्री के खिलाफ असंसदीय भाषा बोलने का आरोप
